
सुप्रीम कोर्ट को मिले 3 नए जज, महिला जजों की संख्या बढ़कर हुई तीन
देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिलने जा रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार (5 अक्टूबर) को सुप्रीम कोर्ट में तीन जजों की नियुक्ति से जुड़ी सिफारिशों को मंजूरी दे दी। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद तीनों न्यायाधीश मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में शपथ लेंगे।
सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त होने वाले नए न्यायाधीशों में गुजरात हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुनीता अग्रवाल, दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह शामिल हैं।
इन नियुक्तियों के बाद सुप्रीम कोर्ट में महिला न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर तीन हो जाएगी। अभी तक शीर्ष अदालत में जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस वी. मोहना महिला न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। जस्टिस सुनीता अग्रवाल के शामिल होने से महिला जजों की मौजूदगी और मजबूत होगी।

अप्रैल 2031 में रिटायर होंगी जस्टिस सुनीता अग्रवाल :
सुप्रीम कोर्ट की नई न्यायाधीश बनने जा रहीं जस्टिस सुनीता अग्रवाल का न्यायिक करियर काफी लंबा रहा है। वह मूल रूप से इलाहाबाद हाई कोर्ट से जुड़ी रही हैं। जुलाई 2023 में उन्हें गुजरात हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
जस्टिस सुनीता अग्रवाल ने वर्ष 1989 में अवध यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद दिसंबर 1990 में उन्होंने वकालत शुरू की। नवंबर 2011 में उन्हें न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
अब सुप्रीम कोर्ट में उनकी नियुक्ति होने जा रही है। मौजूदा जानकारी के मुताबिक, वह अप्रैल 2031 में सेवानिवृत्त होंगी। यानी शीर्ष अदालत में उनका कार्यकाल लगभग पांच साल का रहेगा।
जस्टिस अपरेश कुमार सिंह का न्यायिक सफर :
तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह भी अब सुप्रीम कोर्ट में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने अपने कानूनी करियर की शुरुआत वर्ष 1990 में की थी। साल 1990 से 2000 तक उन्होंने पटना हाई कोर्ट में वकालत की। इसके बाद वह झारखंड हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने लगे।
वर्ष 2012 में उन्हें झारखंड हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। बाद में 20 दिसंबर 2022 से 19 फरवरी 2023 तक उन्होंने झारखंड हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभाली।
इसके बाद उन्हें त्रिपुरा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। आगे चलकर उनका तबादला तेलंगाना हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के पद पर कर दिया गया। अब सुप्रीम कोर्ट में उनकी नियुक्ति होने जा रही है।
जस्टिस डीके उपाध्याय ने बॉम्बे से दिल्ली हाई कोर्ट तक संभाली जिम्मेदारी :
दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय (डीके उपाध्याय) भी सुप्रीम कोर्ट के नए न्यायाधीशों में शामिल हैं। अपने न्यायिक करियर के दौरान वह बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
जस्टिस उपाध्याय ने लखनऊ यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई पूरी की थी। मई 1991 में उन्होंने वकालत की शुरुआत की। मई 2007 से नवंबर 2011 में न्यायाधीश नियुक्त होने तक उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के चीफ स्टैंडिंग काउंसल के तौर पर काम किया।
जुलाई 2023 में उन्हें बॉम्बे हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद उनका स्थानांतरण दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर कर दिया गया।
तीनों न्यायाधीशों की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति को न्यायपालिका के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। खासतौर पर जस्टिस सुनीता अग्रवाल के आने से शीर्ष अदालत में महिला न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर तीन हो जाएगी।







One Comment