
नेहा बोरा को लेकर विजेता दहिया का बड़ा बयान, कहा- ‘उनकी हर बात में दिखती है वैचारिक स्पष्टता’
प्रशांत भूषण के ‘रिजीम चेंज’ बयान के समर्थन में उतरीं विजेता दहिया, नेहा बोरा को बताया समझदार : CJP की पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया ने प्रशांत भूषण के ‘रिजीम चेंज’ (सत्ता परिवर्तन) वाले बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि देश में सत्ता परिवर्तन की बात करना पूरी तरह संवैधानिक है। इसके साथ ही उन्होंने नेहा बोरा के बांग्लादेश को लेकर दिए गए बयान का भी बचाव किया। वहीं, CJP पर आम आदमी पार्टी के प्रभाव और जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस तक दुकानदारों के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी अपनी राय रखी।

‘रिजीम चेंज’ की बात करना संवैधानिक : विजेता दहिया
विजेता दहिया ने प्रशांत भूषण के सत्ता परिवर्तन से जुड़े बयान का समर्थन करते हुए कहा कि रिजीम चेंज की बात करना संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी एक पुराना भाषण इस संदर्भ में वायरल हो रहा है।
दहिया के मुताबिक, लोकतंत्र में अगर कोई सरकार ठीक से काम नहीं करती है, तो जनता उसके कामकाज पर सवाल उठाती है। मीडिया भी सरकार की नीतियों और कामकाज की समीक्षा करती है। इसके बाद जनता चुनाव में किसी दूसरी पार्टी को वोट देकर सत्ता परिवर्तन कर सकती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन एक सामान्य प्रक्रिया है, तो फिर रिजीम चेंज की बात करने में गलत क्या है? 
नेहा बोरा को बताया समझदार, कहा- उनकी आइडियोलॉजिकल क्लेरिटी अच्छी है
न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत के दौरान विजेता दहिया ने बांग्लादेश को लेकर नेहा बोरा के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नेहा की बातों को अक्सर तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है।
दहिया ने नेहा बोरा को समझदार लड़की बताते हुए कहा कि उनकी वैचारिक स्पष्टता काफी अच्छी है। उन्होंने कहा कि नेहा जो भी बोलती हैं, उसके पीछे उनकी अपनी स्पष्ट विचारधारा होती है।
उन्होंने सोनम सर से जुड़े एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पहले उनके बयान को लेकर भी बातें कही गई थीं, लेकिन बाद में फैक्ट चेक में स्पष्ट हुआ कि उन्होंने वास्तव में क्या कहा था। दहिया ने यह भी कहा कि हमें दुनिया से प्रेरणा लेने के बजाय दुनिया को रास्ता दिखाने की कोशिश करनी चाहिए।
CJP पर आम आदमी पार्टी के प्रभाव को लेकर क्या बोलीं :
CJP के पीछे आम आदमी पार्टी का हाथ होने के आरोपों पर विजेता दहिया ने कहा कि किसी संगठन पर किसका कितना प्रभाव है, यह काफी हद तक व्यक्तिपरक मामला है।
उन्होंने कहा कि ऐसा कोई प्रभाव उन्हें नजर नहीं आया। हर व्यक्ति की अपनी सोच और विचारधारा होती है। दहिया ने बताया कि जब उन्होंने CJP जॉइन किया था, तब भी उन्हें ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ था।
दुकानदारों के विरोध पर विजेता दहिया ने की तीखी टिप्पणी :
जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के दुकानदारों की ओर से प्रदर्शनकारियों का विरोध किए जाने पर भी विजेता दहिया ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा, जिसमें दुकानदार प्रदर्शनकारियों से यह कहते नजर आ रहे थे कि उनके विरोध प्रदर्शन की वजह से कारोबार को नुकसान हो रहा है।
दहिया ने दुकानदारों की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि प्रदर्शन करने वाले लोग यहां पिकनिक मनाने नहीं आ रहे हैं, बल्कि देश के मुद्दों पर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने दुकानदारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ अपने कारोबार की चिंता है, जबकि प्रदर्शनकारी देश के लिए आवाज उठा रहे हैं। दहिया के मुताबिक, जब कोई व्यक्ति किसी मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करता है, तो उसे भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर नुकसान उठाना पड़ सकता है।







One Comment