खबरें

दिल्ली में इस दिन से चलेंगी 300 नई AC इलेक्ट्रिक बसें, CM रेखा गुप्ता ने किया ऐलान

दिल्ली में बस यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राजधानी में 4 जुलाई से 300 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और लोगों को बेहतर व आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 7 जुलाई से दिल्ली में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के तहत पूरे शहर में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रेखा गुप्ता ने ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

PM मोदी के नेतृत्व में भारत ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां : रेखा गुप्ता

दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि इन कार्यक्रमों का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण’ के 12 साल पूरे होने के अवसर पर किया गया।

इस दौरान रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

यमुना सफाई को लेकर सरकार की योजना :

यमुना नदी के पुनरोद्धार और स्वच्छता अभियान पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में वैज्ञानिक और स्थायी समाधान पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि यमुना में गिरने वाले प्रमुख नालों को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की प्रक्रिया चल रही है और नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) भी स्थापित किए जा रहे हैं।

MCD को स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए 2800 करोड़ का पैकेज :

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) को 2800 करोड़ रुपये का विशेष वित्तीय पैकेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि सड़कों की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है, जिससे राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

यह भी पढ़ें : दिल्ली के कूड़े के पहाड़ हटाने की डेडलाइन फिर बढ़ी, इस साल पूरी तरह समाप्त करना मुश्किल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker