खबरेंवायरल

BRICS Summit के लिए तैयार भारत, विदेश मंत्रालय ने बताया क्या है थीम

BRICS Summit 2026 : भारत में होगा 18वां शिखर सम्मेलन : ब्रिक्स समिट 2026 को लेकर विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक घोषणा कर दी है। भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और इसी क्रम में 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

इस बैठक में BRICS सदस्य देशों और साझेदार देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ-साथ आउटरीच कार्यक्रम के लिए आमंत्रित देशों के नेता भी हिस्सा लेंगे।

‘Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ है थीम :

भारत की BRICS अध्यक्षता का इस वर्ष का थीम “Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखा गया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण से जुड़ा है, जिसमें ‘Humanity First’ की भावना के साथ जन-केंद्रित विकास पर जोर दिया जाता है।

शिखर सम्मेलन के दौरान BRICS देशों के नेता संगठन के भीतर सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।

देश के 25 से ज्यादा शहरों में हुईं 350 से अधिक बैठकें :

भारत की अध्यक्षता के दौरान BRICS से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन देश के अलग-अलग हिस्सों में किया गया। सरकार के अनुसार, 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

इन बैठकों में BRICS की रणनीतिक साझेदारी को तीन प्रमुख क्षेत्रों—राजनीतिक एवं सुरक्षा, आर्थिक एवं वित्तीय और सांस्कृतिक एवं जन-से-जन संपर्क—के तहत मजबूत करने पर ध्यान दिया गया।

भारत चौथी बार कर रहा है BRICS की अध्यक्षता :

भारत BRICS के संस्थापक सदस्यों में शामिल है। इससे पहले भारत वर्ष 2012, 2016 और 2021 में इस संगठन की अध्यक्षता कर चुका है।

1 जनवरी 2026 को भारत ने चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली। खास बात यह भी है कि 2026 में BRICS की स्थापना के 20 साल पूरे हो रहे हैं।

कई बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद :

BRICS Summit 2026 में कई प्रमुख देशों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान शामिल हैं।

संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की जगह अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के सम्मेलन में शामिल होने की संभावना जताई गई है।

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच होने वाली इस बैठक को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

BRICS में शामिल हैं 11 देश :

वर्तमान में BRICS में भारत, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।

BRICS शिखर सम्मेलन में वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सदस्य देश आपसी विचार-विमर्श करते हैं।

वैश्विक सहयोग पर रहेगा फोकस :

BRICS के मंच पर सदस्य देश साझा प्राथमिकताओं और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इसके अलावा वैश्विक राजनीतिक और आर्थिक प्रशासन से जुड़े विषय भी बैठकों के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहते हैं।

भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला 18वां शिखर सम्मेलन इसी व्यापक सहयोग और साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बैठक होगी।

यह भी पढ़ें : ‘खेल का मतलब सिर्फ मेडल जीतना नहीं’, खेलो इंडिया डायलॉग में बोले PM मोदी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker