
PM मोदी का वीडियो हटाने पर मेटा ने लिखी चिट्ठी, जानें क्या कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक पर शेयर किए गए एक वीडियो के कुछ समय के लिए हटने के बाद केंद्र सरकार ने इस मामले में सोशल मीडिया कंपनी मेटा के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया था। केंद्र सरकार की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद मेटा ने बुधवार (29 जुलाई, 2026) को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को एक पत्र भेजा। इस पत्र में कंपनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य प्रमुख हस्तियों की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाने वाली पोस्ट के लिए अपनाए जाने वाले सख्त और आधुनिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी पीटीआई भाषा ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मेटा ने आईटी मंत्रालय को सूचित किया है कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों की ओर से पोस्ट की जाने वाली सामग्री पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। ऐसी सामग्री की समीक्षा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई स्तरों पर की जाएगी।

सरकार से कब मिलेंगे मेटा के अधिकारी :
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी की फेसबुक पोस्ट को कुछ समय के लिए हटाए जाने से जुड़े मामले में मेटा की टीम इस सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह की शुरुआत में सरकारी अधिकारियों से मुलाकात कर सकती है।
युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने किया था पोस्ट :
केंद्र सरकार ने मंगलवार (28 जुलाई, 2026) को पीएम मोदी की फेसबुक पोस्ट को थोड़ी देर के लिए हटाए जाने के मामले में मेटा के वैश्विक लोक नीति प्रमुख को तलब किया था। पीएम मोदी ने पिछले सप्ताह 23 जुलाई, 2026 को फेसबुक पर युवाओं को संबोधित करते हुए एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
पीएम मोदी के वीडियो के फेसबुक से गायब होने के मामले में अमेरिकी सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया था और इसके लिए माफी भी मांगी थी। कंपनी ने कहा था कि उसके ऑटोमेटिक एआई कंटेंट फिल्टर में आई तकनीकी समस्या के कारण वीडियो गलती से हट गया था। मेटा के मुताबिक, हटाई गई सामग्री को बाद में बहाल कर दिया गया था।
हालांकि, आईटी मंत्रालय ने मेटा की इस सफाई को पर्याप्त नहीं माना और मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी के अधिकारियों को तलब किया। अब मेटा ने सरकार को पत्र भेजकर बताया है कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों की पोस्ट की निगरानी और समीक्षा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।






