
राघव चड्ढा के BJP में शामिल होने के बाद अरविंद केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा
अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने की खबर पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। पणजी में मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने इसे “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया।
गौरतलब है कि अप्रैल महीने में आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से सात सांसदों के बीजेपी में शामिल होने की बात सामने आई थी, जिनमें राघव चड्ढा का नाम भी शामिल बताया गया था।

बीजेपी पर साधा निशाना :
अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में हुई टूट को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी एक “अनैतिक पार्टी” की तरह काम कर रही है। केजरीवाल ने कहा कि जनता जिस पार्टी को वोट देती है, उसके नेताओं को या तो पैसे के जरिए तोड़ा जाता है या फिर जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर राजनीतिक दबाव बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और बंगाल जैसे राज्यों में जो घटनाएं हुई हैं, वे लोकतंत्र के लिए सही नहीं हैं। उनके मुताबिक, राजनीतिक दलों को कमजोर करना, विपक्ष को तोड़ना और ईडी जैसी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने लोगों से इसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
केजरीवाल ने कहा कि अगर जनता ने किसी पार्टी पर भरोसा जताकर उसके नेताओं को चुना है, तो बाद में बड़ी संख्या में नेताओं का दूसरी पार्टी में चले जाना गलत है। उन्होंने टीएमसी का उदाहरण देते हुए कहा कि लोगों ने जिस पार्टी को वोट दिया, उसके कई सांसद बाद में अलग होकर दूसरी पार्टी के साथ चले गए, जो लोकतांत्रिक भावना के खिलाफ है।
गोवा में मुफ्त बिजली की मांग :
गोवा के मुद्दे पर बात करते हुए केजरीवाल ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की सरकार से आम आदमी पार्टी की मांगों को लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोवा के लोगों को महंगे बिजली बिलों से राहत मिलनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार लोगों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दे और 15 जून 2026 तक के बिजली बिल माफ करे। केजरीवाल ने दावा किया कि अगर सरकार इन मांगों को मान लेती है तो गोवा की करीब 76 फीसदी आबादी के बिजली बिल शून्य हो सकते हैं।






