
उद्धव ठाकरे की पार्टी में बगावत की चर्चा पर बोले संजय सिंह, कहा- ‘बाला साहेब ने तो कायरता नहीं सिखाई’
तृणमूल कांग्रेस के बाद अब शिवसेना (यूबीटी) में भी सांसदों के बागी होने की खबरों के बीच आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ED, CBI और दूसरी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें दल बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी का मकसद किसी भी तरह संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करना है और इसके लिए विपक्षी पार्टियों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
संजय सिंह ने कहा, “इतिहास हमेशा बहादुर लोगों का लिखा जाता है, डरने वालों का कोई इतिहास नहीं बनता। अगर आप ED, CBI और पुलिस के डर से आज ED पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं, तो सोचिए कि आप अपने क्षेत्र की जनता को क्या जवाब देंगे। शिवसैनिकों को हमेशा बहादुर माना गया है और वे बाला साहेब ठाकरे का नाम लेते हैं। लेकिन बाला साहेब ने कभी यह नहीं सिखाया कि अपनी ही पार्टी और अपने समर्थकों की पीठ में छुरा घोंपकर किसी दूसरे दल में शामिल हो जाएं।”
उन्होंने आगे कहा, “जब लाखों लोगों ने आपको अपना प्रतिनिधि चुना है, तो कुछ जांच एजेंसियों के दबाव में आकर बीजेपी के सामने झुक जाना सही नहीं है। इस समय ED पार्टी के मुखिया नरेंद्र मोदी जी का लक्ष्य किसी भी तरह सदन में दो-तिहाई संख्या पूरी करना है। इसके लिए वे हर संभव तरीके से विपक्षी दलों को तोड़ने का प्रयास करेंगे।”

वन नेशन, वन इलेक्शन पर भी बोले संजय सिंह :
संजय सिंह ने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन लागू करना आसान नहीं है, लेकिन जिस तरह से पार्टियों को तोड़ने की कोशिशें चल रही हैं, उसके बाद अगर यह व्यवस्था लागू हुई तो देश की क्षेत्रीय पार्टियों के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे कई क्षेत्रीय दलों का अस्तित्व और प्रभाव कमजोर हो सकता है। संजय सिंह ने बताया कि वे वन नेशन, वन इलेक्शन को लेकर बनी JPC के सदस्य हैं और इस मुद्दे पर उन्होंने अपनी चिंताएं रखी हैं।
‘हमारे पास कोई जांच एजेंसी नहीं है’ :
संजय सिंह ने कहा, “अगर आपके साथ खड़े लोग ही टूट जाएं और कमजोर पड़ जाएं, तो विपक्ष क्या कर सकता है? हमारे हाथ में कोई जांच एजेंसी नहीं है। जो कुछ भी हो रहा है, वह ED पार्टी कर रही है। उसका कोई दीन-ईमान नहीं बचा है।”
मुस्लिम सांसदों के मुद्दे पर बोलते हुए संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कल तक TMC के मुस्लिम सांसदों को बीजेपी वाले निशाना बनाते थे। यूसुफ पठान से लेकर कई नेताओं पर आरोप लगाए जाते थे। TMC सांसद सायनी घोष के खिलाफ भी बीजेपी नेताओं ने आपत्तिजनक बातें कही थीं। लेकिन जब वही लोग इनके साथ आ जाते हैं, तो अचानक अच्छे हो जाते हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं बीजेपी के बारे में कहता हूं कि अब सिर्फ दाऊद इब्राहिम का बीजेपी में आना बाकी रह गया है। बाकी चाहे भ्रष्टाचारी हों, माफिया हों या गुंडे हों, उन्हें पार्टी में शामिल करने से कोई फर्क नहीं पड़ता।”






